देवास। शहर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित सर्वाेदय नगर में सड़क निर्माण कार्य को लेकर करीब 65 परिवारों ने खुद को प्रभावित बताया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर क्षेत्र के रहवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
रहवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण के चलते उनके मकानों को नुकसान पहुंच रहा है और कई घर टूटने की कगार पर हैं। ऐसे में परिवारों के सामने बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
इस संबंध में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं रहवासियों ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।