देवास। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 73वीं पुण्यतिथि ‘बलिदान दिवस’ के रूप में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में देवास विधायक गायत्री राजे पवार भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव सहित समस्त जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुखर्जी नगर कॉम्प्लेक्स स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
विधायक गायत्री राजे पवार ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पदचिह्नों पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी निरंतर ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रही है। उन्होंने बताया कि उनके नाम से एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी तथा एक गार्डन का भी निर्माण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि बंगाल, जो डॉ. मुखर्जी की जन्मस्थली है, वहां भी अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव ने कहा कि जनसंघ की स्थापना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा की गई थी। उस समय ही उन्होंने राष्ट्र सेवा को सर्वाेपरि बताया था। आज उन्हीं विचारों के परिणामस्वरूप भारतीय जनता पार्टी का विस्तार पूरे देश में हुआ है। उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों तक ‘पखवाड़ा’ के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।