चित्तौड़गढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) रामचंद्र खटीक ने की। बैठक में महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, जलदाय, ऊर्जा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता ने आगामी पल्स पोलियो अभियान की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले में 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
डॉ. गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग के सहयोग से बूथ दिवस पर बच्चों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजार एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ट्रांजिट टीमों की प्रभावी तैनाती करने पर जोर दिया।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने बताया कि सभी बीसीएमओ अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर पोलियो बूथों का निर्धारण, डीप फ्रीजर का संधारण तथा वीवीएम एवं सीसीबी की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सुपरवाइजर एवं वैक्सीनेटरों की नियुक्ति भी समयबद्ध रूप से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 28 जून को पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो दवा पिलाने का कार्य किया जाएगा।
बैठक में पीएमओ डॉ. दिनेश वैष्णव, उप नियंत्रक सामान्य चिकित्सालय डॉ. मनीष वर्मा, संगणक जितेंद्र जसवानी, खुशवंत कुमार हिंडोनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।