नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवाखेड़ा में सोमवार रात हुए एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सुवाखेड़ा की नई आबादी निवासी ओमनाथ पिता नाथूलाल कालबेलिया (20 वर्ष) सोमवार रात शौच के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ओमनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों एवं ग्रामीणों की सहायता से घायल युवक को रात करीब 8.30 बजे जिला चिकित्सालय, नीमच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण उपचार के दौरान रात करीब 10.45 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल चालक फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहा था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है तथा मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।