कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र के चिचलाय ग्राम स्थित संकटमोचन श्री भलाटिया हनुमानजी मंदिर के स्थापना दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव से ओतप्रोत धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पावन तपोभूमि एवं श्रद्धा के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले इस मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन-पूजन कर धर्मलाभ लिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर सुंदरकांड पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ सुबह 10 बजे से विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। भंडारे में क्षेत्रभर से पहुंचे श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों ने प्रसादी ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
मंदिर समिति ने बताया कि स्थापना दिवस पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देना है।
इस अवसर पर सुरेन्द्र सिंह राठौर, अशोक सिंह चौहान, राधेश्याम यादव, यशवंत पाटीदार, राजू भाई ज्वालवंशी, राजू भाई पाटीदार, भुवानीराम यादव, प्रदीप यादव, दीपक यादव, धर्मेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।