छतरपुर। मानसून की दस्तक से पहले शहर के छोटे-बड़े नालों की सफाई अधूरी होने से जलभराव का खतरा मंडराने लगा है। कई स्थानों पर नाले गंदगी और कचरे से पूरी तरह पटे हुए हैं, जिससे बारिश के दौरान शहर के हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
शहर के कई इलाकों में नालों की समय पर सफाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वहीं, नंबर वन स्कूल के मुख्य द्वार के सामने स्थित नाली पूरी तरह चोक होने से हर बारिश में पानी स्कूल परिसर के अंदर प्रवेश कर जाता है। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस मामले में नगर पालिका की सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि स्वच्छता प्रभारी को नालों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं और सफाई कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जो नाले अभी शेष हैं, उनकी भी जल्द सफाई कराई जाएगी।
सीएमओ ने विशेष रूप से नंबर वन स्कूल सहित अन्य चोक नालों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश भी दिए हैं। अब शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि नगर पालिका बारिश शुरू होने से पहले सफाई कार्य पूरा कर पाती है या नहीं, ताकि जलभराव और उससे होने वाली परेशानियों से बचा जा सके।