चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बस्सी थाना पुलिस ने जिला विशेष टीम (डीएसटी) बाड़मेर के सहयोग से एनडीपीएस एक्ट के छह वर्ष पुराने प्रकरण में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं ग्रामीण उपाधीक्षक दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में बस्सी थाना पुलिस द्वारा लगातार आसूचना संकलन किया जा रहा था।
इसी क्रम में थाना बस्सी के एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में पिछले छह वर्षों से फरार चल रहे आरोपी ओमप्रकाश पुत्र नारायणराम जाट निवासी खारा, थाना रामसर, जिला बाड़मेर की तलाश की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय चित्तौड़गढ़ द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर बस्सी थाना पुलिस एवं डीएसटी बाड़मेर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।