मनासा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेस क्लब मनासा द्वारा सराहनीय पहल करते हुए क्लब अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय के जन्मदिवस पर वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
प्रेस क्लब मनासा द्वारा पूर्व में यह निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक सदस्य के जन्मदिवस पर एक पौधा लगाया जाएगा। इसी संकल्प के तहत क्लब लगातार जन्मदिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। सोमवार को अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय के जन्मदिवस पर भी इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का भी माध्यम है।
प्रेस क्लब की इस पहल को क्षेत्र में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
इस अवसर पर पंडित शिवरतन, हेमंत शर्मा, संजय व्यास, सुरेश कुमावत, भरत कनेरिया, नरेंद्र राठौर, नमन यति, राकेश शर्मा, मंगल कुशवाह, नरेंद्र कुशवाह, मंगल गोस्वामी, दिलीप बोराना, कैलाश सोडानी, धर्मेंद्र पाटीदार सहित प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।