प्रतापगढ़। शोहदा-ए-कर्बला हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) और उनके वफादार साथियों की याद में दाऊदी बोहरा समाज द्वारा मोहर्रम के अवसर पर सेवा, मानवता और भाईचारे की मिसाल पेश की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को शहर के व्यस्त कृषि मंडी रोड चौराहे पर सबील-ए-हुसैन का आयोजन कर राहगीरों एवं वाहन चालकों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाने के लिए शीतल कच्ची केरी-पानी का शरबत वितरित किया गया।
सबील-ए-हुसैन कमेटी के सदस्य एवं पूर्व पार्षद मोहम्मद भाई कांचवाला ने बताया कि मोहर्रम के पावन अवसर पर पिछले तीन दिनों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6रू30 बजे तक सबील लगाई जा रही है। इसका उद्देश्य कर्बला के अमर संदेशकृइंसानियत, त्याग, सेवा और प्यासों की प्यास बुझाने की परंपराकृको जन-जन तक पहुंचाना है।
सबील पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शरबत ग्रहण किया तथा समाज की सेवा भावना की सराहना की। आयोजन की विशेष बात यह रही कि उपयोग किए गए डिस्पोजेबल गिलासों को इधर-उधर फेंकने के बजाय अलग से एकत्रित कर कचरा पात्र में डाला गया। इस पहल के माध्यम से समाज ने सेवा के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया।
मोहर्रम के दौरान दाऊदी बोहरा समाज की यह खिदमत न केवल लोगों को गर्मी से राहत पहुंचा रही है, बल्कि हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) की कुर्बानी, मानवता, प्रेम और भाईचारे के संदेश को भी जीवंत कर रही है। समाजजन पूरे समर्पण भाव से इस सेवा कार्य में जुटे हुए हैं, जिससे आमजन में भी सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है।