शाजापुर। मोहर्रम के अवसर पर शाजापुर में तहसील के दुलदुल बाबा का ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जुलूस देर रात पूरी अकीदत, उत्साह और शांतिपूर्ण वातावरण में निकाला गया। जुलूस में हजारों की संख्या में लोगों ने सहभागिता कर हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) और शोहदा-ए-कर्बला को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहर मोहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी सय्यद आफताब अली ने बताया कि जुलूस की शुरुआत लालपुरा क्षेत्र से हुई। इसके बाद जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों मगरिया, सोमवारिया बाजार होते हुए बड़े चौक पहुंचा। बड़े चौक पर वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार दुलदुल बाबा की दौड़ आयोजित की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जुलूस जुलूस-ए-सदर सम्मी भाई की सरपरस्ती में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बड़े चौक पहुंचने पर परंपरागत साफा बांधने की रस्म भी अदा की गई। इस अवसर पर शहर मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष इमरान खरखरे एवं उनकी टीम का साफा बांधकर सम्मान किया गया।
इस मौके पर शहर मोहर्रम कमेटी अध्यक्ष इमरान खरखरे ने कहा कि शहर में मोहर्रम के सभी आयोजन आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से मोहर्रम पर्व को प्रेम, सद्भाव और एकता के साथ मनाने की अपील की।
कार्यक्रम में शहर मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष इमरान खरखरे, सलीम भाई ठेकेदार, अकरम भाई खजांची, सबदर भाई, सौरभ भाई, जुलूस-ए-सदर सम्मी भाई सहित मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।