नीमच। कैंट थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना एलआईसी रोड स्थित डीपी ज्वेलर्स के सामने की है, जहां मोहर्रम के अवसर पर परिवार के मस्जिद जाने के दौरान अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर नकदी और सोने के आभूषण चुरा ले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी याकूब पिता सेफुद्दीन बोहरा का परिवार प्रतिवर्ष की तरह मोहर्रम के दौरान आयोजित मजलिस में शामिल होने रविवार शाम घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर करीब 2 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठियां एवं सोने की चूड़ियां चोरी कर लीं।
रात करीब 10 बजे जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी की दराजें खाली थीं। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की वारदात शाम 7.30 बजे से रात 9.30 बजे के बीच हुई है। सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान एवं कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।