नीमच। प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 460.26 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब से भरी एक वेगनआर कार भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रतनगढ़ भूरालाल भाभर के नेतृत्व में डीकेन चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को डीकेन क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की वेगनआर कार (जीजे-38-बीडी-5701) को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार से 2557 क्वार्टर (प्रत्येक 180 एमएल) ऑल सीजन अंग्रेजी शराब, कुल 460.26 लीटर बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास (34) निवासी असावरपुर, जिला सोनीपत (हरियाणा), जसवीर (31) निवासी रोणा, जिला सोनीपत (हरियाणा) तथा शहादत शेख (35) निवासी बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है तथा शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल थाना रतनगढ़ एवं डीकेन चौकी पुलिस टीम के कार्य की सराहना की है।