नीमच। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन (आईएनओ) एवं स्वाध्याय मंडल गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में गायत्री शक्तिपीठ में 'योग दर्शन से विश्व कल्याण तक' विषय पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और आध्यात्मिक जीवन का आधार बताया।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ योग चिंतक एवं इंजीनियर बाबूलाल गौड़ ने भगवान श्रीराम के भक्ति योग, श्रीकृष्ण के गीता योग, महर्षि पतंजलि के योग सूत्र और स्वामी विवेकानंद के शिकागो उद्बोधन तक योग की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान योग और गीता के माध्यम से पूरे विश्व में स्थापित हो रही है तथा 'वसुधैव कुटुंबकम्' का संदेश मानवता को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
युवा वक्ता आर्ची सक्सेना ने आधुनिक जीवनशैली और मोबाइल एडिक्शन को युवाओं की बड़ी चुनौती बताते हुए 'डोपामाइन डिटॉक्स' पर प्रभावी व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान के नियमित अभ्यास से एकाग्रता बढ़ती है और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है।
वरिष्ठ योग प्रेमी गुणवंत गोयल ने योग के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि हम प्रतिदिन 24 मिनट भी योग को दें, तो जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस किए जा सकते हैं। उन्होंने ऊर्जा बढ़ाने और स्वस्थ रहने के व्यवहारिक उपाय भी साझा किए।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश चौधरी ने योग को भारत की प्राचीन धरोहर बताते हुए जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन आईएनओ जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश सहसचिव सत्येंद्र सक्सेना ने किया। उन्होंने योग पर अपनी मौलिक रचना प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक श्याम टांकवाल ने योग के आध्यात्मिक स्वरूप पर प्रकाश डाला, जबकि कैलाश अहीर ने योग दिवस की महत्ता बताते हुए शांति पाठ कराया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. महेश शर्मा ने योग, खेचरी मुद्रा, नाड़ी विज्ञान और कुंडलिनी जागरण पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर रुद्र पाराशर ने अतिथियों को मासिक पत्रिका 'अवांतर ज्योति' का जून अंक भेंट किया। संगोष्ठी में भावना काठेड़, अशोक सिंहल, कमल शर्मा, श्याम सुंदर पंडित, हरीश उपाध्याय, कैलाश कुमार कर्णिक, दिलीप चौबे, चंदा सिंहल, निर्मला पाराशर, कैलाश चंद्र शर्मा, पारस जैन, सत्यनारायण पाराशर सहित बड़ी संख्या में योग साधक, गायत्री परिवार के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आईएनओ के जिला सचिव रुद्र पाराशर ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रवक्ता नितिन सक्सेना ने दी।