माउंट आबू। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जहां 21 जून को देशभर में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं माउंट आबू स्थित 23 राजपूत बटालियन में पूरे सप्ताह अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान प्रसिद्ध राजयोग प्रशिक्षक एवं बिल्डिंग बिल्डिंग एडवाइजर राजयोगिनी डॉ. बीके बिन्नी सरीन सेना के जवानों और अधिकारियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराकर तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का संदेश दे रही हैं।
योग सप्ताह के दौरान प्रकाश चौहान, सेवानिवृत्त योग शिक्षक एवं पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ, जवानों को शारीरिक स्वास्थ्य के लिए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी करा रहे हैं।
इसी क्रम में सीआरपी आंतरिक सुरक्षा अकादमी, माउंट आबू में सहायक कमांडेंट प्रशिक्षण अधिकारी पाठ्यक्रम (Training Officers Course) के अधिकारियों को भी राजयोगिनी डॉ. बीके बिन्नी ने राजयोग मेडिटेशन का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग और ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुंबई से आए प्रसिद्ध सिंगर, कंपोजर एवं गीतकार हरीश गोयल तथा प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर मिलिंद वानखेड़े ने योग सत्र के दौरान प्रेरणादायक संगीतमय प्रस्तुतियां देकर माहौल को आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
आंतरिक सुरक्षा अकादमी के निदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक दर्शन लाल गोला ने इस तरह के योग और मेडिटेशन आधारित सत्रों की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम जवानों और अधिकारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
योग सप्ताह के माध्यम से सेना के जवानों और अधिकारियों को स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।