नीमच। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। ग्राम तुर्किया, पंचायत धनगांव के किसान किशोर गुर्जर एवं सामाजिक कार्यकर्ता पंकज तिवारी हाथों में अस्थि कलश और कटोरा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। दोनों ने गले में “बलराम योजना की 13वीं” लिखी तख्तियां पहनकर योजना में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रशासन से न्याय की मांग की।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में किसान किशोर गुर्जर ने आरोप लगाया कि उसके खेत पर बलराम तालाब निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत राशि में से उसके नाम पर 1 लाख 19 हजार 108 रुपये का भुगतान दर्शाया गया है, जबकि उसके बैंक खाते में मात्र 15 हजार रुपये ही प्राप्त हुए। किसान ने शेष राशि के गबन की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित अधिकारियों, सरपंच, सचिव एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया कि बलराम योजना के कार्य को मनरेगा से जोड़कर शासन के 8 जनवरी 2020 के आदेशों का उल्लंघन किया गया है। किसान ने पूरे भुगतान की जांच कर दोषियों से राशि वसूलने और न्याय दिलाने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू नहीं की गई और किसान को न्याय नहीं मिला, तो वे “अस्थि कलश-कटोरा सत्याग्रह” के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन शुरू करेंगे। हालांकि, आवेदन में लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच लंबित है।