नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम पंचायत मोड़ी के उपसरपंच कारूलाल राठौर अनोखे अंदाज में पहुंचे। उन्होंने वर्षों से विभिन्न अधिकारियों को दिए गए आवेदनों की प्रतियों की माला गले में पहनकर पंचायत के गायब शासकीय अभिलेखों के मामले में अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में उपसरपंच राठौर ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के वर्ष 1995 से 2012 तक के कई महत्वपूर्ण शासकीय अभिलेख संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए हैं। इनमें भूखंड आवंटन रजिस्टर, पंचायत प्रस्ताव रजिस्टर, पट्टा बुक, कैशबुक, ऑडिट रिपोर्ट सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही पूर्व में हुई विभागीय जांच को पक्षपातपूर्ण बताते हुए उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
उपसरपंच ने दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विभागीय कार्रवाई किए जाने तथा गायब अभिलेखों की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी प्रशासन से की।
जनसुनवाई में उनके अनोखे विरोध प्रदर्शन ने लोगों और अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। हालांकि मामले में लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक पुष्टि और जांच अभी शेष है।