चित्तौड़गढ़। जनचेतना मंच की विशेष टीम बैठक मंगलवार को मंच संरक्षक डॉ. आई.एम. सेठिया के मुख्य आतिथ्य, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष ऋषभलाल सुराणा की अध्यक्षता तथा प्रांतीय महामंत्री श्रीकांत शर्मा, तहसील अध्यक्ष सत्यनारायण सिकलीगर एवं नगर अध्यक्ष राधेश्याम लड्डा के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित कर समसामयिक विषयों पर चर्चा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शहर के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। सदस्यों ने कहा कि बिरला अस्पताल की स्थापना सराहनीय पहल रही है, लेकिन जिले में चिकित्सा सेवाओं के और विस्तार की आवश्यकता है। इस संबंध में बिरला सीमेंट, हिंदुस्तान जिंक सहित प्रमुख औद्योगिक समूहों एवं श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल से जिला स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास में सहयोग का आग्रह करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में ओवरब्रिज का विस्तार कर प्रताप सेतु मार्ग और कुंभानगर क्षेत्र को जोड़ने, शास्त्रीनगर मार्ग को धनेत रोड से जोड़ने, जिला चिकित्सालय की सेवाओं में सुधार, सहकार चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने, अतिक्रमण हटाने के बाद पुनः कब्जे नहीं होने देने तथा ठेला व्यवसायियों के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन से पाड़नपोल तक पर्यटन नगरी के अनुरूप सड़क विकास, नगर परिषद द्वारा सफाई व्यवस्था एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, पर्यटन केंद्र की स्थापना तथा चित्तौड़गढ़ एवं चंदेरिया रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में विधानसभा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना एवं पैनोरमा विकास से संबंधित पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों पर भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया गया।
पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष ऋषभलाल सुराणा ने मंच के 30 वर्षों के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। इस अवसर पर मेवाड़ गौरव एवं गुजरात के पूर्व राज्यपाल रहे स्वर्गीय सुंदरसिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक का संचालन श्रीकांत शर्मा ने किया तथा आभार सत्यनारायण सिकलीगर ने व्यक्त किया।
सत्यनारायण सिकलीगर बने जिला अध्यक्ष, सत्यनारायण शर्मा नगर अध्यक्ष-
बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत शर्मा एवं प्रांतीय महामंत्री श्रीकांत शर्मा की अनुशंसा पर मंच संरक्षक डॉ. आई.एम. सेठिया ने सत्यनारायण सिकलीगर को जनचेतना मंच राजस्थान की चित्तौड़गढ़ जिला इकाई का अध्यक्ष तथा शिक्षाविद सत्यनारायण शर्मा को चित्तौड़गढ़ नगर अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा की। उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सिकलीगर एवं नगर अध्यक्ष शर्मा ने शीघ्र ही कार्यकारिणी गठन करने तथा युवा एवं महिला शाखाओं को सक्रिय करने की घोषणा की।