नीमच। एमटीएफई के मकड़जाल में फंसे करीब 100 लोगों का हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन लेकर मध्य प्रदेश और राजस्थान के निवेशक आज हुजैफा जमाली पर पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर नीमच के एसपी कार्यालय पहुंचे। निवेशकों ने बताया कि हुजैफा जमाली एमटीएफई के कारोबार को अच्छी तरह से जानता था। हुजैफा जमाली ने 2021 में नीमच जिले में एमटीएफई के काम की शुरुआत की। उसने सबको ए रोबोटिक के माध्यम से ट्रेडिंग करने के लिए यह कहकर प्रेरित किया के इससे बहुत अधिक फायदा होगा।
निवेशकों का कहना था कि हुजैफा जमाली अच्छी तरह से जानता था कि आगे इसका अंजाम क्या होगा। सब कुछ जानते हुए भी हुजैफा जमाली अवैध लाभ प्राप्त करने की दुर्भावना से लोगों को गुमराह कर ज्यादा से ज्यादा निवेश करने हेतु उकसाता था। लोगों को फसाने के चक्कर में उसने दिखावटी चौरिटी कार्यक्रम भी प्रारंभ किए थे।
रतलाम, प्रतापगढ़, जावरा, बर्रूखेड़ा, मोड़ी और अन्य जगह से आए हुए निवेशकों ने कहा कि हुजैफा जमाली ने हमें यह बताया था कि यह कंपनी कनाडा की है और इम्पेरियर एलायंसमेंट ग्रुप के मेंबर के साथ मध्य प्रदेश की मेरी पहली आईडी लगी है। इसका हेड ऑफिस सिंगापुर में है। हुजैफा जमाली ने लोगों को प्रेरित करने के लिए झांसा देकर कहा था कि मेरी अपलाइन मिस वैंडी से जुड़ी है और मैं इन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता हूं।
उसने यह भी बताया था कि एमटीएफई का टाईअप एप्पल जैसे ब्रांड के साथ है। निवेशकों ने कहा कि हुजैफा जमाली के ग्रुप से जुड़े मध्य प्रदेश राजस्थान गुजरात दिल्ली महाराष्ट्र हरियाणा जैसे कई राज्यों के हजारों लोग जालसाजी का शिकार हुए हैं। हुजैफा जमाली पर तुरंत दंडात्मक वैधानिक कार्यवाही करते हुए राशि वापस दिलवाई जाए।