नीमच। जिले के मनासा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा पर कुछ लोगों ने पथराव किया था। इस मामले में पुलिस ने कुछ पशु पालकों व गुर्जर समाज के लोगों पर कार्रवाई की है। इसी कार्रवाई के विरोध में आज पशुपालक संघ एवं जिला गुर्जर समाज रैली के रूप में एसपी कार्यालय पहुंचा। जहां कार्रवाई के विरोध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पशु पालक संघ जिलाध्यक्ष देवा गुर्जर व गुर्जर समाज जिलाध्यक्ष चम्पालाल गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने बिना जांच के मुकदमा कायम किया है। ये झूठे मुकदमे वापस लिए जाए। यदि हमारी मांगें नहीं मानी गई तो कल रामपुरा थाने का घेराव करेंगे। धरना देकर ज्ञापन देंगे। रविवार को मनासा में धरना देंगे। इसके बाद समूचे जिले की दूध सप्लाई को बंद किया जाएगा। फिर भी मांगें नहीं मानी जाती है तो रावली कुड़ी से भोपाल तक आक्रोशित रैली निकाली जाएगी। इस दौरान किसान नेता उमराव सिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में समाज पदाधिकारी व समाजजन मौजूद थे।