देवास। श्री कृष्णा जन्माष्टमी गुरुवार को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। कृष्णा जन्माष्टमी को लेकर शहर के राधा-कृष्ण मंदिरों में भी विशेष साज-सज्जा की गई है। कृष्ण मंदिरों में कई आयोजनें का दौर भी सुबह से जारी है जो भगवान कृष्ण के जन्म समय रात 12 बजे तक जारी रहेंगे।
विजयनगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कृष्णा जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ कार्यक्रम के साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कृष्ण भगवान की झांकी का निर्माण भी किया गया। नन्हें मुन्ने बच्चे कृष्ण और राधा बने। विद्यालय की बहनों ने सांस्कृतिक नृत्य और नाटिका के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ।
जन्माष्टमी के पर्व के चलते शहर के गवली मोहल्ला राधा कृष्ण मंदिर से भव्य रथ यात्रा निकाली गई जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एमजी रोड़ स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंची जहां यात्रा का समापन हुआ। रथ यात्रा में भजन गायक जितेन्द्र पटेल ने भजनों की विशेष प्रस्तुतियां दी जिसमें महिलाएं व युवा झूमते रहे।