नीमच। जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव लासूर की निवासी मंजू बाई पति अनिल गायरी की खेत पर काम करते समय करंट लगने से दुखद मौत हो गई। महिला की उम्र 35 वर्ष बताई जा रही है। महिला ग्राम बराड़ा में खेत पर काम करने गई थी। बताया जा रहा है की मंजू भाई अपने पति अनिल के साथ जब खेत पर कम कर रही थी तब वहां पर टूटे हुए तार में करंट का प्रवाह चल रहा था जिस कारण वह करंट की चपेट में आ गई। घटना के तुरंत बाद मंजू बाई को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना आज सुबह की है। जानकारी मिलने के तुरंत बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान भी अस्पताल पहुंचे।
घटना को लेकर सज्जन सिंह चौहान ने आक्रोश जताते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उधर ग्रामीणों में भी घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीण पोस्टमार्टम के पश्चात महिला के पार्थिव शरीर को लेकर एसपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए हैं। नाराज ग्रामीणों की मांग है कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। गांव वाले नारेबाजी पर उतारू हो गए हैं। ग्रामीणों ने मार्ग पर चक्काजाम कर दिया हैं। एडिशनल एसपी सहित कई पुलिस कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं।
ग्रामीणों के साथ परिजनों का कहना हैं कि विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही हैं जिसके कारण महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग के लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाई की जाए साथ ही मंजू बाई के बच्चे को नौकरी की दी जाए।