खरगोन। बड़वाह नगर से 15 किमी दूर ग्राम पडाली बुजुर्ग के ग्राम लालपूरा टांडा में पानी की व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीण दो से तीन किमी दूर खेतों में लगे निजी ट्यूबवेल,कुएं से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। यह समस्या गांव में लम्बे समय से है। मंगलवार को ग्राम लालपूरा टांडा के रहवासी सरपंच सुनील गुर्जर के साथ जनसुनवाई में बड़वाह एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
ग्रामीणों ने एसडीएम प्रदीप सोनी को बताया कि ग्रामीण तीन किमी दूर से रोज पानी लाते-लाते थक चुके है। हमारे गांव में पानी के लिए कोई सुविधा नही है। एसडीएम प्रदीप सोनी ने तुरंत ही संबधित विभाग के अफसर को फोन लगाकर मौके पर निरीक्षण करने के लिए कहा। एसडीएम ने कहा कि यदि पानी की व्यवस्था नही है तो तुरंत ही ट्यूबवेल खुदा कर गांव में पानी की व्यवस्था की जाए। पीएचई विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गांव में नल-जल योजना स्वीकृत है। जल्द ही भूमि-पूजन के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
सरपंच सुनील गुर्जर ने बताया कि गाँव में पानी की समस्या सालों पुरानी हैं। इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने ठोस प्रयास नहीं किए। बूंद-बूंद पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीण कई बार अधिकारियों को पत्र लिखकर गांव की पेयजल समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग कर चुके हैं। यहां तक कि जनप्रतिनिधियों से भी मांग की जा चुकी है,लेकिन किसी ने भी ग्रामीणों की मांग को तवज्जो नहीं दी।
इस दौरान तहसीलदार शिवराम कनासे,कृषि विस्तार अधिकारी बीएस सेंगर,सीईओ कंचन डोंगरे,सीबीएमओ डॉ राजेन्द्र मीमरोठ,डीईओ बीएस पिपलोद,मंडी सचिव रचना टिकेकर और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।