शाजापुर। 14 सितंबर को शाजापुर जिले में पहुंच रही मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर 12 सितंबर को भाजपा कार्यालय में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने भाजपा जिला महामंत्री दिनेश शर्मा, विधानसभा प्रभारी प्रदीप चंद्रवंशी, जन आशीर्वाद यात्रा के जिला प्रभारी किरण सिंह ठाकुर की उपस्थिति में प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम करती है। हमारा उद्देश्य गरीबों का कल्याण करना है। इसके पहले जन आशीर्वाद यात्रा एक ही निकल जाती थी, लेकिन इस बार पांच यात्रा मध्य प्रदेश के अंदर अलग-अलग निकल गई है। यह जन आशीर्वाद यात्रा 10 हजार किलोमीटर की यात्रा होगी। इसका समापन 22 सितंबर को भोपाल में किया जाएगा। समापन में लगभग 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा को भारी जन समर्थन मिल रहा है।
शाजापुर में मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत 14 सितंबर से होगी, इस यात्रा केंद्रीय मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरेंद्र सिंह तोमर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा यात्रा में शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि 14 सितंबर को मुख्यमंत्री जन आशीर्वाद यात्रा शाजापुर जिले में प्रवेश करेगी. जन आशीर्वाद यात्रा 2 दिन तक शाजापुर जिले में भ्रमण करेगी और 15 सितंबर को कालापीपल से होती हुई, सीहोर जिले में प्रवेश करेगी। शाजापुर जिले में जन आशीर्वाद यात्रा में तीन स्थानों पर बड़ी सभा का आयोजन होगा ओर कहीं स्थान पर रथ सभा होगी।