चित्तौड़गढ़। श्री सांवलिया सेठ के भंडार से निकली राशि की चौथे चरण में गिनती पूरी हो गई। 58 लाख 10 हजार 425 रुपयों की काउंटिंग की गई। वहीं, ऑफिस में भक्तों ने मनीऑर्डर और चेक से एक करोड़ एक लाख 800 रुपए जमा करवाए थे। इससे पहले 9 करोड़ 17 लाख 60 हजार रुपयों की गिनती हो चुकी है। सबको मिलाकर कुल 10 करोड़ 76 लाख 71 हजार 225 रुपए मिले। इसके अलावा सोने चांदी का भी तौल किया गया।
भंडारे से मिले 9.75 करोड़-
श्री सांवलिया जी मंदिर ने 13 सितंबर को चतुर्दशी के दिन भंडारा खोला गया था। तीन चरणों में 9 करोड़ 17 लाख 60 हजार रुपयों की काउंटिंग हो चुकी है। बुधवार को 58 लाख 10 हजार 425 रुपयों की गिनती हुई है। यानी भंडारे से कुल 9 करोड़ 75 लाख 70 हजार 425 रुपए प्राप्त हुए।
ऑफिस में मिले एक करोड़ से ज्यादा की राशि-
श्री सांवलिया जी मंदिर मंडल के अध्यक्ष भैरूलाल गुर्जर ने बताया कि ऑफिस में भक्तों ने चेक और मनी ऑर्डर के जरिए रुपए जमा किए थे। वहां से एक करोड़ एक लाख 800 रुपए प्राप्त हुए। भंडारे और ऑफिस के रुपयों की गिनती की जाए तो कुल 10 करोड़ 76 लाख 71 हजार 225 रुपए मिले। इस दौरान मंदिर मंडल के सदस्य संजय कुमार मंडोवरा, अशोक शर्मा, भेरूलाल सोनी, प्रशासनिक अधिकारी नंदकिशोर टेलर और सम्पदा प्रभारी कालूलाल तेली मौजूद थे।
सोने-चांदी का हुआ तौल-
जानकारी में आया कि भंडार से 88 ग्राम सोना और 12 किलो 100 ग्राम चांदी का चढ़ावा मिला। इसके अलावा ऑफिस से 40 ग्राम 500 मिलीग्राम सोना और 19 किलो 842 ग्राम चांदी प्राप्त हुई।