नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा विधायक दिलीप सिंह परिहार व नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की उपस्थिति में शनिवार को स्थानीय वात्सल्य भवन में स्वच्छता की पाठशाला तथा जबलपुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में आयोजित पथ विक्रेता महासम्मेलन का लाइव प्रसारण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेंद्र वशिष्ठ, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, नगर पालिका सभापति दारा सिंह यादव, नगर पालिका पार्षद सुमित्रा मुकेश पोरवाल, दुर्गा शंकर भील व स्वच्छता अंबेसेडर विवेक खंडेलवाल मंचासीन थे। कार्यक्रम में जहां पथ विक्रेताओं हितग्राहियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाले बधाई संदेश के फोल्डर का वितरण किया गया वहीं वार्ड प्रभारी द्वारा उज्जवला कनेक्शन वाली लाडली बहनों के पंजीयन भी किए गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लाडली बहना योजना के हितग्राहियों व पथ विक्रेताओं को संबोधित करते हुए विधायक परिहार ने कहा कि जिसने अपने जीवन में गरीबी देखी हो वही गरीबों की समस्या को समझ कर उसका निदान कर सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबी देखी है और इसलिए गरीब वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ कर गरीब वर्ग के जीवन को सुधारने का कार्य किया है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीब वर्ग को रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर गरीब वर्ग के आवास भोजन सहित अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए योजना प्रारंभ करने के साथ ही, लाडली बहनों के लिए नकद राशि व 450 रुपए में गैस सिलेंडर की व्यवस्था की है। तो पथ विक्रेताओं के रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बगैर ब्याज पर ऋण देने की भी योजना प्रारंभ की।कार्यक्रम के प्रारंभ में जहां पथ विक्रेता हितग्राही राजेंद्र सिंह ने योजना से अपने परिवार को हुए लाभ की जानकारी दी वहीं नगरपालिका सभापति दारा सिंह ने शासन की विभिन्न योजनाओं से उपस्थित हितग्राहियों को अवगत कराया, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत ने भी अपने उद्बोधन में हितग्राहियों से प्रशासन की योजनाओं का लाभ उठाने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में शहरी स्वच्छता के सहयात्रियों हेतु स्वच्छता की पाठशाला के माध्यम से क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें स्वच्छता मित्रों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया कार्यक्रम का संचालन एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य ने किया एवं आभार स्वच्छता में स्वच्छता एंबेसेडर विवेक खंडेलवाल ने व्यक्त किया इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक जमनालाल पाटीदार, स्वास्थ्य अधिकारी कन्हैयालाल शर्मा, वात्सल्य भवन प्रभारी पप्पू मंगल, स्वच्छता विभाग से शुभम उपाध्याय व पीयूष शर्मा एवं एनयूएलएम विभाग से ज्ञानू व्यास, सूदीप एवं मनीष सहित बड़ी संख्या में नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी शासन की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राही मौजूद थे।