झालावाड़। सबसे बड़े जिला अस्पताल में 1100 प्लेसमेंट कर्मचारी 2 घंटे का सांकेतिक कार्य बहिष्कार कर रहे हैं, कार्य बहिष्कार करने वाले कर्मचारियों का सब्र दिन-ब-दिन टूटता जा रहा है उनमें से कुछ ने शीघ्र ही मांगे नहीं माने जाने पर आंदोलन को उग्र करने की बात कही है, तो वहीं कुछ ने अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जा रही काम से हटाने की धमकियों के जवाब में परिवार सहित आत्महत्या कर लेने की बात भी कही है। पिछले तीन दिनों से प्लेसमेंट कर्मचारियों का 2 घंटे का कार्य बहिष्कार लगातार जारी है, उनकी शिकायत है कि उनको लंबे समय से वेतन भी नहीं मिल रहा है। ऐसे में प्लेसमेंट कर्मचारियों का कहना है की मात्र साढ़े छः हजार रुपए की नौकरी में वह घर कैसे चलाते हैं यह सिर्फ वही जानते हैं, और उस पर भी लंबे समय तक वेतन ना मिले तो मार दोहरी हो जाती है।
हॉस्पिटल की शुरुआत से ही कार्य कर रहे हैं प्लेसमेंट कर्मी-
जानकारी के लिए आपको बता दें कि झालावाड़ अस्पताल के निर्माण के समय से ही यहां बड़ी तादाद में प्लेसमेंट कर्मचारी काम करते रहे हैं और यही सिलसिला अभी तक भी जारी है हालांकि अब मेडिकल कॉलेज राजमेस में समायोजित हो गया है लेकिन फिर भी वर्तमान में झालावाड़ मेडिकल कॉलेज सोसाइटी ही इन अस्पतालों को चला रही है। इसके अधीन ही यहां प्लेसमेंट कर्मचारी कम कर रहे हैं। वर्तमान में यहां 1100 से अधिक प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत हैं।
अल्प वेतन में कैसे चले परिवार-
झालावाड़ अस्पताल में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को लगभग मात्र साढ़े छः हजार रुपए प्रति माह वेतन मिलता है। ऐसे में प्लेसमेंट कर्मचारियों का कहना है कि इतने कम वेतन में वह कैसे अपना परिवार चला सकते हैं उन्होंने कहा कि जिस तरह से वह गुजारा कर रहे हैं उसे स्थिति को सिर्फ वही समझते हैं उन्होंने सरकार से मांग की है कि उनको ठेका प्रथा से निकलकर नियमित किया जाए और अन्य कर्मचारियों का समान ही वेतन दिया जाए ताकि वह सरलता से अपना जीवन यापन कर सकें।
परिवार सहित आत्महत्या की धमकी-
प्लेसमेंट कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कार्य बहिष्कार करने पर अस्पताल प्रशासन द्वारा उनको काम से निकलने की धमकी दी जा रही है। प्लेसमेंट कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष को बार-बार बुलाकर अस्पताल प्रशासन प्रताड़ित कर रहा है। हंसराज नामक कर्मचारी ने कहा कि यदि अस्पताल प्रशासन द्वारा उनको कम से निकल गया तो वह यहीं अस्पताल परिसर में परिवार सहित आत्महत्या कर लेंगे।