भोपाल। प्रदेश की राजधानी में 8 जनवरी को करणी सेना परिवार के महाआंदोलन की 18 सूत्रीय मांगे दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों द्वारा नजरअंदाज किए जाने के बाद करणी सेना परिवार 80 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने जा रही है। संगठन के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर आज जावरा से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा करने जा रहे हैं।
फेसबुक पर जारी वीडियो में जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि प्रदेश के दोनों बड़े राजनीतिक दलों को 18 सूत्रीय मांगे मानने और पूरा करने का विकल्प दिया था लेकिन अब करणी सेना परिवार आंदोलन की राजनीति से सत्ता परिवर्तन की लड़ाई लड़ने की घोषणा करने जा रही है । रतलाम के जावरा में आज करणी सेना परिवार और सर्व समाज के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया गया है।
गौरतलब है कि 8 जनवरी को भोपाल के जंबूरी मैदान में हुए महा आंदोलन के बाद भाजपा सरकार ने संगठन की 22 में से 18 सूत्रीय मांगे लिखित पत्र देकर मान ली थी लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। इसके बाद कांग्रेस ने भी अपने वचन पत्र में 18 सूत्रीय मांगों को शामिल करने का वादा करणी सेना परिवार से किया था। वहीं, अब करणी सेना परिवार मध्य प्रदेश में दोनों राजनीतिक पार्टियों के समीकरण बिगाड़ने जा रही है। संगठन के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर आज कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद जावरा से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाले हैं।
मालवा, निमाड़ और ग्वालियर चंबल संभाग में वादा खिलाफी करने वाले दोनों पार्टी के नेताओं के खिलाफ अपने उम्मीदवार खड़े करने की तैयारी भी करनी सेना परिवार ने कर ली है। खासकर मालवा क्षेत्र की नीमच ,जावद ,मनासा, सीतामऊ, मंदसौर, जावरा, आलोट, बदनावर, बड़नगर, महिदपुर और नागदा जैसी सीटों पर करणी सेना परिवार राजनीतिक समीकरण बदलने की स्थिति में है। संगठन के यादवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि रतलाम के जावरा में आज होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में विधानसभा चुनाव लड़ने की सीटों की संख्या पर निर्णय लिया जाएगा।