चित्तौड़गढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार को महिला एवं बाल चिकित्सालय में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जिले के जन्म से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराकर उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद ने बताया कि जिले में अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। रविवार को जिलेभर में 1,646 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। वहीं, अभियान के अगले दो दिनों तक 3,828 स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. दिनेश वैष्णव, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।