मनासा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत रविवार को मनासा नगर सहित जिलेभर में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों को श्दो बूंद जिंदगी कीश् पिलाकर की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराकर भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखना है। विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाएं।
यह अभियान तीन दिनों तक संचालित होगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई, जबकि अगले दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में सहयोग करें, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की सुरक्षा से वंचित न रहे।