इंदौर। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। शासकीय पॉलीक्लिनिक हुकुमचंद में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि इंदौर अपने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को लेकर पूरी तरह जागरूक है।
अभियान के तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के पांच लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन विभिन्न बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, जबकि छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए अगले दो दिनों तक घर-घर जाकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
3,600 से अधिक बूथ और मोबाइल टीमें तैनात
इस कार्य के लिए 3,600 से अधिक बूथ एवं मोबाइल टीमें और 8 हजार से ज्यादा कर्मचारी और स्वास्थ्यकर्मी तैनात किए गए हैं। विशेष ध्यान प्रवासी परिवारों, मलिन बस्तियों, निर्माण स्थलों और घुमंतु समुदायों के बच्चों पर रहेगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य ट्रांजिट स्थलों पर भी विशेष बूथ स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने रैबीज टीकाकरण केंद्र, नियमित टीकाकरण केंद्र और डायलिसिस यूनिट का अवलोकन कर स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन को लेकर अधिकारियों से चर्चा की और भविष्य की योजनाओं के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
पड़ोसी देशों में मामलों को देखते हुए विशेष सतर्कता
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, भारत को वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आने के कारण एहतियात के तौर पर देशभर में पल्स पोलियो अभियान नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी, जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और पॉलीक्लिनिक हुकुमचंद का स्टाफ मौजूद रहा।