शाजापुर। कबीर फाउंडेशन एवं अखिल भारतीय बलाई समाज (पंजीकृत), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में मालवीय बलाई समाज धर्मशाला में सद्गुरु कबीर साहेब का प्रकटोत्सव सामाजिक समरसता एवं भाईचारे के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कबीर फाउंडेशन के संस्थापक एवं युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह बामनिया के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अरुण भीमावद एवं अन्य अतिथियों द्वारा सद्गुरु कबीर साहेब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि संत कबीर की वाणी समाज को एकता, सद्भाव और मानवता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा एवं विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने कबीर फाउंडेशन द्वारा सामाजिक समरसता की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कबीर भजन गायक दीप गुरु (इंदौर) एवं अन्य कलाकारों ने संत कबीर के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
समारोह में महंत गुरुचरणदास, अशोक टिपानिया, गीता पराग, प्रीतम मालवीय, महंत महेशदास, कमल मालवीय, रामचंद्र चौहान, बाबूलाल गोयल, सुरेश मालवीय, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील मालवीय, पूर्व पार्षद राजेश पारछे, पंडित आशीष नागर, गोविंद नायक, राधेश्याम मालवीय, गिरधारीलाल मालवीय, सत्यनारायण मालवीय, धर्मशाला अध्यक्ष शिवनारायण धारिया सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि एवं समाजजन मंचासीन रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं मातृशक्ति की उपस्थिति रही। समारोह का संचालन अनिल मालवीय ने किया, जबकि नारायण सिंह मालवीय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।