नीमच। जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ₹39.23 करोड़ की लागत से संदीपनि विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा। विद्यालय निर्माण के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 परिसर में लेआउट कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शीघ्र ही भवन निर्माण शुरू किया जाएगा।
परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) के इंजीनियर रिंकू चौहान ने बताया कि संदीपनि विद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं सहित विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लेआउट का कार्य पूर्ण होने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ करने की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विद्यालय के निर्माण से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
संदीपनि विद्यालय परियोजना को जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे भविष्य में विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त शिक्षण संस्थान का लाभ मिलेगा।