नीमच। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन एवं उनके साथियों की शहादत की याद में मनाए जा रहे मोहर्रम पर्व के तहत रविवार को जिलेभर में तीजा श्रद्धा एवं अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर झांझरवाड़ा स्थित कर्बला में नीमच सिटी, कैंट, बघाना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचे और रोजों पर फूल, इत्र एवं लोबान अर्पित कर मन्नतें मांगी।
अकीदतमंदों की सुविधा के लिए शेख सैय्यद पठान कमेटी के अध्यक्ष सलीम खान के नेतृत्व में जल सेवा का आयोजन किया गया। कमेटी के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को शीतल जल उपलब्ध कराया। सलीम खान ने कहा कि कर्बला का संदेश मानवता, इंसानियत और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन और प्यासे को पानी पिलाना ही इमाम हुसैन की कुर्बानी का सच्चा संदेश है।
कर्बला में महिलाओं ने तालाब किनारे पारंपरिक खुट की रस्म अदा की, जबकि अनेक श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नतें पूरी होने पर चादर एवं फूल अर्पित किए। पूरे परिसर में मेले जैसा वातावरण रहा। जगह-जगह खान-पान, खेल-खिलौनों की दुकानें सजी रहीं तथा विभिन्न स्थानों पर शरबत, हलीम और तबर्रुक का वितरण किया गया।
आरिफ शेख ने बताया कि 26 जून को मोहर्रम पर जिलेभर में ताजियों के जुलूस निकाले गए थे, जिसके बाद रविवार को तीजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कर्बला पहुंचे। इस दौरान सैय्यद हसन अली, जाहिद भाई कादरी, हयात खान चाचा, यूनुस उर्फ छुट्टन खान सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बघाना थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।