प्रतापगढ़। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ प्रदेश के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने किया। उन्होंने जिला अस्पताल की मातृ-शिशु इकाई में नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
मंत्री ने अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाने की अपील की।
1180 पोलियो बूथ स्थापित
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया - जिले में पहले दिन लगभग 1 लाख 40 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1180 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं और 8 ट्रांजिट टीमों का गठन किया गया है। अभियान के दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो पहले दिन खुराक नहीं ले सके थे।