मनासा। ग्राम भाटखेड़ी में रविवार देर रात अज्ञात चोर घर के बाहर खड़ा महिंद्रा 575 ट्रैक्टर बुआई मशीन सहित चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भाटखेड़ी निवासी किसान गोविंद पिता राधेश्याम पाटीदार ने रोजाना की तरह अपना महिंद्रा 575 ट्रैक्टर शेषावतार मंदिर के सामने स्थित घर के बाहर खड़ा किया था। सोमवार सुबह जब वे बाहर आए तो ट्रैक्टर गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस को एक कैमरे की फुटेज में रात करीब 1रू15 बजे दो अज्ञात युवक ट्रैक्टर के पास आते दिखाई दिए। दोनों ट्रैक्टर स्टार्ट कर कच्चे रास्ते से अल्हेड़ रोड की ओर जाते हुए नजर आए।
ग्रामीणों ने बताया कि नयापुरा एवं जमुनिया रावजी रोड क्षेत्र में स्थानीय युवाओं द्वारा प्रतिदिन रात्रि गश्त की जाती है, लेकिन घटना वाली रात गश्त नहीं होने का फायदा चोरों ने उठाया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।