छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में धधर तालाब के पास 70 वर्षीय गोपाल श्रीवास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग अपने प्लॉट पर चारपाई पर सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड, मोबाइल फोरेंसिक वैन प्रभारी रजनी गुप्ता, एफएसएल टीम तथा एसडीओपी खजुराहो मनमोहन सिंह बघेल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए राजनगर अस्पताल भेजा। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एसडीओपी मनमोहन सिंह बघेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।