प्रतापगढ़। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाए जा रहे मोहर्रम पर्व के तहत प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर रविवार देर रात 9वीं मोहर्रम के अवसर पर ताजिया एवं अलम के भव्य जुलूस निकाले गए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकले जुलूसों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और मातमी धुनों के बीच इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश की।
रात्रि करीब 11 बजे सुभाष चौक क्षेत्र से विभिन्न ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए निकले। गोपालगंज के मन्नत वाले ताजिए, तलाई मोहल्ला, फिर का गाछा गली, सलामपुरा तथा बावड़ी मोहल्ले के ताजिए पारंपरिक मातमी रस्मों और करतबों के साथ अपने-अपने स्थानों पर पहुंचे। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
मोहर्रम की 10वीं तारीख को भी इसी प्रकार ताजिया एवं अलम के जुलूस निकाले जाएंगे। इसके बाद सदर बाजार में पारंपरिक मोहर्रम सलामी का आयोजन होगा, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद कर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे।
प्रतापगढ़ में मोहर्रम का पर्व सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल माना जाता है। इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के लोग श्रद्धापूर्वक ताजियों पर चादर, प्रसाद एवं अन्य भेंट अर्पित कर आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं।
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन सतर्क नजर आया।