शुजालपुर। जिला शाजापुर के थाना शुजालपुर मंडी के अंतर्गत रेल्वे फाटक के पास एक 13 साल का बालक मिला जो अपने घर का पता नहीं बता पा रहा है, पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-100 भोपाल में दिनाँक 19 अक्टूबर 23 को रात्रि 01 बजे प्राप्त हुई। सूचना प्राप्ति पर तत्काल शाजापुर जिले के शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र में तैनात डायल-100 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया। डायल-112/100 स्टाफ ने मौके पर पहुँचकर बालक को अपने संरक्षण में लेकर बालक से पूछताछ की, बालक ने बताया कि वह अपने चाचा के साथ शुजालपुर आया था, चाचा से उसका साथ छूट गया है। बालक ने बताया कि वह बनाहेड़ी गाँव का रहने वाला है। डायल -112/100 स्टाफ बालक को अपने साथ लेकर बनाहेड़ी गाँव पहुँचे एवं सत्यापन उपरांत बालक को परिजन के सुपुर्द किया।