भोपाल। शत-प्रतिशत मतदान के लिए मतदाता जागरूकता मेगा कार रैली में विंटेज कारों को उनके मालिक दुल्हन की तरह सजाकर लाए। जैसे ही ये लाल परेड ग्राउंड पहुंची इन विंटेज कारों के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई। जब ये रैली में शामिल होकर जिस सड़क से भी गुजरी लोग देखते ही रह गए।
मतदाता जागरुकता रैली सुबह 8 बजे लाल परेड ग्राउंड से शुरू हुई। लायंस क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 400 कार शामिल हैं। रैली में मतदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मिसेज इंडिया अपेक्षा डबराल विशेष रूप से मुम्बई से आई हैं। मिसेज इंडिया 2023 अपेक्षा डबराल 2022 में मिसेज एमपी रह चुकी हैं। वे भोपाल की रहने वाली हैं। उन्होंने कहा कि वे 2024 में मिसेज इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने 17 नबंवर को होने वाले मतदान में सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। रॉल्स रायस की 1935 की रेप्लिका लेकर पहुंचे मो. अमीन ने बताया कि कार उन्होंने खुद मॉडिफाई की है।
लायंस इंटरनेशनल के द्वारा 11 जिलों में एक साथ यह वाहन रैली आयोजित की जा रही है। यह आयोजन जिला प्रशासन, जिला निर्वाचन अधिकारी के सयहोग से हो रहा है। इस मेगा कार रैली को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह, नोडल स्वीप तथा अपर कलेक्टर ऋतुराज एवं लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर जेपी सिंह जौहर, सहायक नोडल अधिकारी संदीप श्रीवास्तव आदि हरी झंडी देकर रवाना किया। परेड ग्राउंड पहुंचे अनुपम राजन ने लोगों को शतप्रतिशत मदतान की शपथ भी दिलाई।
रैली लाल परेड ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस पेट्रोल पंप, पीएचक्यू, लिली टॉकीज, काली मंदिर, सुल्तानिया अस्पताल, हमीदिया रोड, भारत टॉकीज, रेलवे स्टेशन तिराहे के पेट्रोल पंप से अल्पना टॉकीज, मनोहर डेरी, नादरा बस स्टैंड चौराहा, शाहजहांनाबाद, तलैया से होते हुए मोतिया तालाब रोड, ताजुल मस्जिद, रॉयल मार्किट तिराहा, नर्मदा स्वीट के सामने से कर्बला रेत घाट. व्हीआईपी रोड, गोहर महल, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराह, रौशन पुरा चौराहा, अपैक्स बैंक, लिंक रोड एक, नानके पेट्रोल पंप, व्यापम चौराहा, छह नंबर मार्केट, नूतन कॉलेज, सुभाष स्कूल से होकर बिट्टन मार्किट मैदान में समाप्त हुई।