राजगढ़। थाना राजगढ़ द्वारा चलाए जा रहे सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के तहत कस्बे के नए बस स्टैंड पर स्कूली विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार, थाना राजगढ़ का पुलिस स्टाफ, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
साथ ही बताया गया कि यदि कोई साइबर धोखाधड़ी होती है तो पीड़ित तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क और जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण को बढ़ावा देना है।