नागलवाड़ी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच 28 जून की शाम करीब 5 बजे नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पीपरखेड़ा मार्ग स्थित उफनते नाले में ट्रैक्टर बह जाने की घटना में लापता चालक का शव करीब 26 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। इस पूरे अभियान में नागलवाड़ी पुलिस, SDRF की टीम तथा स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार समन्वय और अथक प्रयास करते हुए खोजबीन जारी रखी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बंसीलाल पिता धूलिया (42 वर्ष), निवासी पीपरखेड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के कारण नाला उफान पर था। इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर को पुल पार कराने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते ट्रैक्टर सहित वह नाले में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही नागलवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं खोज अभियान शुरू किया। बाद में SDRF की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस, SDRF और स्थानीय ग्रामीणों ने लगातार 26 घंटे तक कठिन परिस्थितियों में संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। अंततः सोमवार रात को मृतक का शव बरामद कर लिया गया।
नागलवाड़ी थाना के एसआई कमल किशोर चौहान ने बताया कि 28 जून की शाम हुई इस घटना के बाद लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।इस कठिन अभियान में नागलवाड़ी पुलिस, SDRF और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका रही।