खरगोन। अंजनगांव ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण की राशि स्वीकृत हुए छह माह से अधिक का समय बीत चुका है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा स्वीकृत इस भवन के लिए लेआउट भी तैयार हो चुका है, लेकिन आज दिनांक तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। ग्रामीणों में इस पर गहरा असंतोष है। नाराज ग्रामीण भवन निर्माण की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत के संबंधित अधिकारियों से कई बार मौखिक और लिखित रूप से जानकारी मांगी, किंतु निर्माण कार्य शुरू न होने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी शासन की जनहित योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी और लापरवाही बरत रहे हैं। सामुदायिक भवन ग्रामवासियों की लंबे समय से मांग है। इसके निर्माण से सामाजिक, शैक्षणिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए उचित स्थान मिल सकेगा। राशि स्वीकृत होने और लेआउट तैयार होने के बाद भी कार्य प्रारंभ न होना ग्रामीणों में निराशा का कारण बन रहा है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सामुदायिक भवन निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएं।