सतना। लोकतंत्र के महापर्व में विधानसभा निर्वाचन के दौरान सतना जिले में 80 प्लस वोटर और दिव्यांग मतदाताओं में भरपूर उत्साह देखा जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में सभी मतदान केन्द्रों पर वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं के व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है। इस बार निर्वाचन आयोग ने 80 प्लस मतदाता और दिव्यांग जनों को घर से मतदान की सुविधा भी उनके द्वारा चाहने पर उपलब्ध कराई गई है। जिसके तहत जिले में ऐसे कुल 1985 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान की इच्छा जाहिर की थी। मतदाता सूची के अनुसार सतना और मैहर जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में पीडब्ल्यूडी मतदाता की संख्या 17 हजार 964 और 80 प्लस वर्षीय मतदाताओं की संख्या 22 हजार 927 है। विधानसभा चुनाव में दिव्यांग और 80 प्लस मतदाता अपने संबंधित जनों एवं दिव्यांग मित्र के साथ मतदान केन्द्रों पर पहुंच कर उत्साहपूर्वक मतदान किया। दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं ने अपनी शारीरिक परिस्थितियों को बाधा नहीं मानते हुये विधानसभा निर्वाचन के लिये मतदान किया। साथ ही अन्य मतदाताओं को भी मतदान करने के लिये प्रेरित किया। विधानसभा निर्वाचन 2023 में दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं का सुगमतापूर्वक मतदान हो सके। इसके लिये पोलिंग बूथ पर व्हील चेयर की उपलब्धता के साथ ही रैंप जैसी खास सुविधायें की गई थी। विभिन्न मतदान केंद्रों में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ मतदाताओं के पहुंचने पर मतदान दल के कर्मचारियों ने उनका फूल माला और श्रीफल भेंटकर स्वागत किया गया।