मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी कस्बे में मंगलवार रात एक 15 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना टीलाखेड़ा बालाजी मंदिर के पीछे स्थित गंगा विहार कॉलोनी की है।
मृतका की पहचान खुशनुमा पिता असलम पठान (15) निवासी गंगा विहार, पिपलियामंडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 11 बजे किशोरी ने घर में फांसी लगा ली। घटना के समय परिवार के सदस्य भी घर पर मौजूद थे।
सूचना मिलते ही परिजन उसे तुरंत फंदे से उतारकर पिपलियामंडी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पिपलियामंडी चौकी प्रभारी रितेश डामोर पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पोस्टमार्टम पैनल द्वारा कराया जाएगा, जिसके लिए शव को मंदसौर जिला चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।