नीमच। उत्तर भारत में हुई बर्फबारी और अब बर्फ के पिघलने का असर मध्यप्रदेश के कई जिलों में दिखाई दे रहा है। करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश के 15 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। दिन के तापमान में भी गिरावट आई है।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। अब बर्फ पिघल रही है। वहां से आ रही हवा के कारण मौसम में ठंडक घुल गई है। आने वाले दो से तीन दिन तक मौसम का असर ऐसा ही रहेगा। रात के टेम्प्रेचर में और भी गिरावट हो सकती है। आगामी 22 व 23 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश का अनुमान है। तब तक ठंड का असर बना रहेगा। इस सिस्टम के स्ट्रांग होने से राजस्थान से जुड़े मालवा के कई क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिलेगा।