नीमच। शहर के मूलचंद मार्ग निवासी माधवलाल पिता स्वर्गीय गोपीलाल कुचबंदिया ने कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में नगरपालिका कर्मचारियों के विरुद्ध नामांतरण के बदले रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत की है।
माधवलाल ने लिखित आवेदन में कहा है कि उसने विनोबागंज स्थित दो दुकान बेच दी है। जिसका नामांतरण क्रेता के हक में कराने के लिए पिछले 3 साल से वह नगर पालिका के चक्कर काट रहा है। सीएम हेल्प लाइन पर भी शिकायत कर दी गई। अब नगर पालिका कर्मचारी महेंद्र साहू और महावीर जैन अलग बुलाकर मुझसे पचास हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
इन कर्मचारियों का कहना है कि सीएमओ साहब के पास फाइल है। रुपए दे दोगे तो हम लोग साइन करवा कर आपका नामांतरण रजिस्टर में दर्ज कराकर रसीद और आदेश की कॉपी दे देंगे। माधवलाल ने जिलाधीश से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने का अनुरोध किया है।