देवास। जिला जेल में आनंद महोत्सव के तहत चल रहे तीन दिवसीय जेल खेल प्रतियोगिता के आयोजन का समापन हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं राजेश चावला सहित एसडीएम संजय उपाध्याय, जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे, उपजेल अधीक्षक अनिल दुबे, सहित पत्रकार साथी मौजूद रहे। सर्व प्रथम मुख्य अतिथि महानिदेशक जेल द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। तत्पश्चात जेल अधीक्षक द्वारा मोमेंटो देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।
बता दें की जिला जेल में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी आनंद उत्सव के तहत जेल खेल प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी सहित विभिन्न खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें जेल के पुरुष और महिला कैदियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के समापन अवसर पर आज डीजी राजेश जी चावला के द्वारा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया गया। डिजी चावल ने बताया कि देवास की जेल में कैदियों द्वारा जिस तरह से कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं वह बहुत ही काबिले तारीफ है। इससे कैदियों में कुछ करने की भावना दिखती है। वहीं उन्होंने कहा कि हमारा पूरा प्रयास रहेगा की इस तरह के कार्यक्रम सभी जेलों मे हो सके।
वहीं जेल अधीक्षक हीमानी मनवारे ने बताया कि जेल में प्रतिवर्ष इस प्रकार की खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसमें जेल के कैदी भाग लेते हैं। इसी तरह विभिन्न त्यौहारों को भी जेल में मिलजुल कर मनाया जाता है। कार्यक्रमों में इतना उत्साह रहता है कि हमारे बंदी भाई बहनों की पहले से तैयारियां होने लगती है।