शहडोल। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस अधीक्षक शहडोल ने थाना खैरहा अंतर्गत ग्राम मझियार के घटना स्थल का निरीक्षण किया। 6 जनवरी को हुई घटना के बाद 7 जनवरी को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जोन डीसी सागर एवं पुलिस अधीक्षक शहडोल कुमार प्रतीक ने ग्राम मझियार के उक्त घटना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी खैरहा और सिंहपुर को प्रकरण के संबंध में दिशा-निर्देश दिये हैं।
आपकों बता दें कि 6 जनवरी को ग्राम मझियार सरफा नाला में अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर कार्यवाही हेतु पहुंची पुलिस टीम के साथ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाकर, गाली-गलौज एवं झूमाझटकी करने वाले आरोपियों के विरूद्ध थाना खैरहा एवं थाना सिंहपुर में पृथक-पृथक दो प्रकरण पंजीबद्ध किये गए हैं। घटना में संलिप्त 02 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शहडोल जोन डीसी सागर ने 30,000/- रूपये के ईनाम की उद्घोषणा की है।