खनियांधाना। विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चमरौआ में श्री राम जानकी मंदिर पर विकसित भारत संकल्प यात्रा पहुंची, जिसमें पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम ग्राम पंचायत चमरौआ में 15 लाख की राशि से निर्मित कोटखेड़ा मंदिर की बाउंड्री वॉल व पार्क का लोकार्पण विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा किया गया। विधायक का गांव में जगह-जगह स्वागत किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल श्री राम जानकी मंदिर पहुंचे। जहां विधायक द्वारा सरस्वती माता की पूजन एवं कन्या पूजन किया गया। योजनाओं से संबंधित गीत प्रस्तुत किए गए। नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा भी सरस्वती वंदना और राष्ट्रीय गीत सुनाये गए। प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
मंच संचालक राजेश देव पांडे संवाद मित्र द्वारा विकसित भारत का संकल्प पत्र पढ़ा गया, जिसे खड़े होकर सभी जनता जनार्दन द्वारा दोहराया गया। अधिकारियों ने जनता की समस्याओं के आवेदन लिए और हितग्राहियों को विधायक द्वारा विभिन्न योजनान्तर्गत लाभ प्रदान किया गया।
विधायक प्रीतम लोधी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि आप लोग देश में कहीं भी जाओ पिछोर विधानसभा का नाम लोगे तो आपको सम्मान मिलेगा ऐसा पिछोर विधानसभा को बनाना चाहता हूं आप लोगों की समस्या के लिए सभी अधिकारी मंगलवार को जनसुनवाई करेंगे। अगर आपकी बात नहीं सुनते हैं तो हमारी टीम बैठी हुई है यह आपका सहयोग करेगी और हमारी पार्टी में किसी के साथ भेदभाव नहीं होने देंगे सबको साथ लेकर विकास करेंगे।