शिवपुरी। जिले की खनियाधाना तहसील के बामौरकला थाना क्षेत्र अंतर्गत खिरिया गांव में एक बेरहम पति ने अपने बेटे और बेटी के सामने अपनी पत्नी के सिर पर लोहे की सब्बल से कई प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान बेटा और बेटी अपनी मां की जान बख्श देने की गुहार अपने पिता से लगाते रहे, लेकिन पिता ने अपनी बेटी और बेटा की एक नहीं सुनी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर ह्त्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार खिरिया गांव के रहने वाले 22 साल के मेहरवान आदिवासी का चांदी की करधौनी के एक हिस्से को बेचने को लेकर अपने पिता और मां गुड्डी से विवाद हुआ था। इसके बाद रात में सभी खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए। तभी रात करीब 11 बजे मां की चीखने की आवाज आना शुरू हो गई थी। हम दोनों भागकर उनके कमरे पर पहुंचे तो मां जमीन पर पड़ी हुई थी और पिता के हाथ में लोहे की सब्बल थी। जिससे पिता मां के सिर पर एक के बाद एक प्रहार कर रहे थे। पिता को रोकने का प्रयास किया। लेकिन पिता नहीं माने। उन्होंने मां की सब्बल से कई प्रहार कर ह्त्या कर दी। मेरी मां गुड्डी बाई ने मौके पर ही तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया।
बामौरकला थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई का कहना है कि सूचना मिलते ही आरोपी सन्नू आदिवासी को घर के पीछे खेत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ ह्त्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।